कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का अतिरिक्त सहायता देने की घोषणा के लिए व्यक्त किया आभार

0

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का अतिरिक्त सहायता देने की घोषणा के लिए व्यक्त किया आभार

देहरादून, 16 अक्टूबर। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को कैंप कार्यालय में कृषि एवं उद्यान विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों की फसलों के नुकसान का तत्काल सर्वे का कार्य पूर्ण करने और राहत राशि के भुगतान से संबंधित सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के सख्त निर्देश दिए। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किसानों को राज्य सरकार की ओर से भी आपदा मानकों के समान अतिरिक्त सहायता देने की घोषणा के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।

बैठक के दौरान कृषि मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेश में कृषि एवं उद्यान क्षेत्र की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को अधिक से अधिक किसानों को कीवी और ड्रैगन फ्रूट की खेती से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में इन फसलों के उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। ऐसे में किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सभी योजनाओं का निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और तय लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में मौन पालन के माध्यम से रोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा किसानों की आय बढ़ाने की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने अधिकारियों को अधिक से अधिक किसानों को मौन पालन से जोड़ने, उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण देने और विभागीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में मंत्री जोशी ने फार्म मशीनरी बैंक की अधिकतम स्थापना, पॉलीहाउस निर्माण और प्रदेश में टेस्टिंग लैब की स्थापना से संबंधित कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने एरोमा सेक्टर की संभावनाओं पर जोर देते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में लैवेंडर और डेंडेलाइन जैसी फसलों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एरोमा क्षेत्र में अधिक से अधिक किसानों को जोड़कर नवाचार आधारित गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए, जिससे किसानों की आय में वृद्धि के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ सकें। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कृषि एवं उद्यान विभाग की सभी योजनाएं समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतरनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी पूरी निष्ठा और मनोयोग से कार्य करें, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ किसानों तक पहुंचे और प्रदेश में कृषि एवं उद्यानिकी को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

बैठक में महानिदेशक कृषि एवं उद्यान डॉ. आनंद श्रीवास्तव, निदेशक उद्यान डॉ. आर.के. सिंह सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed