गढ़वाल के मैदान में युवाओं का दमखम, अनिल बलूनी के साथ दिखा खेल प्रतिभाओं का जोश

0

गढ़वाल के मैदान में युवाओं का दमखम, अनिल बलूनी के साथ दिखा खेल प्रतिभाओं का जोश

ऐतिहासिक रांसी स्टेडियम में खेल महाकुंभ-2026 के तहत सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का शानदार आगाज हुआ। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और खेल को केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व निर्माण का माध्यम बताया। प्रतियोगिता में गढ़वाल संसदीय क्षेत्र की 11 विधानसभा सीटों से 3,964 बालक-बालिका खिलाड़ी अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग में प्रतिभाग कर रहे हैं।
सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि गढ़वाल की धरती ने हमेशा साहस, परिश्रम और सामर्थ्य की मिसाल पेश की है। आज यही ऊर्जा युवा खिलाड़ियों के सपनों और उनके खेल प्रदर्शन में दिखाई दे रही है। गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों से निकलने वाली प्रतिभाओं को उचित मंच और अवसर देना जरूरी है, ताकि वे जिला और राज्य स्तर से आगे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच सकें।
उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ जैसी पहल युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर देती है। खेल से स्वस्थ जीवनशैली के साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व की क्षमता विकसित होती है।
रांसी स्टेडियम में सांसद ने खिलाड़ियों को ईमानदारी, निष्पक्षता और खेल नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर फुटबॉल मुकाबले का शुभारंभ किक मारकर किया गया।
गढ़वाल की धरती से उठती खेल प्रतिभाओं के लिए यह आयोजन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बड़े सपनों की ओर बढ़ने का एक मजबूत मंच बनकर सामने आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed